रतलाम में सनसनी: खेत में मिला किसान का खून से सना शव, सिर पर धारदार हथियार से वार कर बेरहमी से हत्या।
रतलाम/ मध्यप्रदेश
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोठड़ी (मंडावल) में शनिवार (20 जून) सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 35 वर्षीय किसान का शव उसके ही खेत में खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह उर्फ बबलू (पिता दूलेसिंह डांगी) के रूप में हुई है। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से की गई हत्या का लग रहा है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
दोपहर में निकला था घर से, सुबह चचेरे भाई ने देखी लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सिंह डांगी खेती-किसानी के साथ-साथ दूसरों के खेतों में ट्रैक्टर से जुताई का काम भी करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था और उनके पास करीब 12 बीघा जमीन व दो ट्रैक्टर हैं।
राजेंद्र शुक्रवार (19 जून) की दोपहर करीबन 1:30 बजे घर से खेत पर जाने के लिए निकला था। जब वह रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे जब उसका चचेरा भाई रामेश्वर डांगी गाय का दूध निकालने खेत पर पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। राजेंद्र सिंह का शव खेत में एक जगह खून से सना हुआ पड़ा था।
पुलिस महकमे में हड़कंप, डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम मौके पर घटना की खबर बिजली की तरह पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया। सूचना मिलते ही सबसे पहले खारवाकला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।जांच के लिए पहुंचीं ये टीमें:आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी रतलाम से एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल डॉग स्क्वाड, सायबर सेल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों ने घटनास्थल और खेत पर खड़े ट्रैक्टर की बारीकी से जांच की। खोजी कुत्तों की मदद से आसपास के पूरे इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से लंबी पूछताछ कर राजेंद्र के बारे में जानकारियां जुटाईं।
एसपी अमित कुमार ने संभाली कमान, मेडिकल कॉलेज भेजा शव।
दोपहर में रतलाम एसपी अमित कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वारदात वाली जगह का मुआयना किया और मातहत अधिकारियों को मामले के जल्द खुलासे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शुरुआती तफ्तीश और पंचनामा बनाने के बाद पुलिस ने शव को पहले खारवाकला के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां से गंभीर मामला होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर कर दिया गया।
हत्या की वजह और कातिल का सुराग अब तक नहीं
दोपहर बाद तक पुलिस के हाथ हत्या की वजह या कातिल को लेकर कोई पुख्ता सुराग नहीं लग सका था। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि राजेंद्र सिंह की धारदार हथियार से मारकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घाव और हथियार के प्रकार की सही जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस की सायबर सेल सहित विभिन्न टीमें रंजिश, लेन-देन और पारिवारिक विवाद समेत सभी एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।

