अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान

स्टेपनी में छिपाकर पंजाब ले जाया जा रहा था 26 किलो डोडाचूरा, जावरा पुलिस ने ट्रक सहित आरोपी को दबोचा
रतलाम / पुलिस दर्पण
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक की स्टेपनी में छिपाकर ले जाया जा रहा 26 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 16.30 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किया है।
थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा श्री प्रकाश गडरिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक PB07CD6340 में स्टेपनी टायर के भीतर डोडाचूरा छिपाकर मंदसौर की ओर से पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जावरा-उज्जैन रोड स्थित जिंदल स्टील के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक की स्टेपनी के अंदर सफेद प्लास्टिक की 26 थैलियों में कुल 26 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा छिपाकर रखा हुआ मिला। पुलिस ने मौके से लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का 26 किलोग्राम डोडाचूरा तथा 15 लाख रुपये मूल्य का अशोक लीलैंड ट्रक जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक बलविन्दर सिंह (46) पिता करनेल सिंह, निवासी शाहपुर, थाना कोराली, जिला मोहाली (पंजाब) को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 359/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस अब आरोपी का रिमांड प्राप्त कर अवैध मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ करेगी।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया, उप निरीक्षक कन्हैया अवास्या, सहायक उप निरीक्षक नरेश पाण्डेय, धीरेन्द्र सिंह, गोविन्द, कमलेश, मनोज सहित थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की पुलिस टीम की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *