मोहर्रम पर प्रशासन सख्त: नाल साहब की सवारी को लेकर वालेंटियर्स को दी जिम्मेदारी, 25 मशालों की ही अनुमति
शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए कलेक्टर-एसपी ने की अहम बैठक, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
शाजापुर / पुलिस दर्पण
आगामी मोहर्रम पर्व एवं नाल साहब की सवारी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन शाजापुर में शांति समिति के सदस्यों, आयोजकों एवं वालेंटियर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, विवाद या अफवाह को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी वालेंटियर्स अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय, शांति समिति के सदस्य, आयोजकगण एवं बड़ी संख्या में वालेंटियर्स उपस्थित रहे।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति का प्रतीक है। वालेंटियर्स एवं शांति समिति के सदस्य आमजन को शांतिपूर्वक पर्व मनाने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं विवाद की स्थिति निर्मित होती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट को साझा न करें और न ही ऐसे संदेशों को आगे बढ़ाएं।
पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि त्योहार जनता का है और इसे सफल एवं शांतिपूर्ण बनाने की जिम्मेदारी आयोजकों तथा वालेंटियर्स की भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन पूरी तत्परता के साथ सहयोगी की भूमिका में मौजूद रहेगा। पूरे आयोजन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। उन्होंने वालेंटियर्स से अपील की कि वे लोगों को शांति एवं अनुशासन के साथ जुलूस में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय ने जुलूस के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा जुलूस में केवल 25 मशालों की अनुमति प्रदान की गई है, जिसका सभी को अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में किसी भी प्रकार के हथियार, डंडे अथवा प्रतिबंधित सामग्री लेकर आने की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में एसडीओपी, थाना प्रभारी, शांति समिति सदस्य श्री शफीक खान एवं श्री सलीम ठेकेदार ने भी उपस्थित वालेंटियर्स को संबोधित करते हुए प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने तथा मोहर्रम पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी गुलाना सुश्री नेहा गंगारे, डिप्टी कलेक्टर श्री आलोक वर्मा, श्रीमती अंकिता पाटकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

