संवाददाता : निर्मला पहाड़े, छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत महिला थाना परिसर में बुधवार को वृक्षारोपण एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।
मॉडल फ्यूचर कला एवं तकनीकी शिक्षा समिति, प्रेरणा नगर विकास प्रस्फुटन समिति तथा नगर निगम छिंदवाड़ा के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी अरुणा वाहने सहित पुलिस अधिकारियों, समिति पदाधिकारियों एवं नगर निगम प्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर थाना पहुंचे आवेदकों, अनावेदकों एवं समिति सदस्यों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। सभी उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल के माध्यम से IMEI नंबर ब्लॉक करवाना चाहिए। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित किया जा सके। साथ ही अन्य साइबर अपराधों की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराने और Cyberdost प्लेटफॉर्म के माध्यम से नई साइबर ठगी की जानकारी लेते रहने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अपने सभी ऑनलाइन खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखने, किसी भी व्यक्ति के साथ OTP साझा न करने, डीपफेक वीडियो और ऑडियो से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लिंक और फ्रेंड रिक्वेस्ट से बचने की सलाह दी।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी अरुणा वाहने, एसआई रुपेश यादव, प्रधान आरक्षक डिम्पल, प्रधान आरक्षक शकीला खान, आरक्षक भावना सहित महिला थाना स्टाफ मौजूद रहा।

