घर का रास्ता भटकी 3 वर्षीय मासूम को डायल-112 ने सुरक्षित परिजनों से मिलाया

सतना | पुलिस दर्पण

सतना । जिले के थाना कोलगवां क्षेत्र में डायल-112 पुलिस की तत्परता से घर का रास्ता भटक गई 3 वर्षीय मासूम बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दोपहर 3:40 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि कोलगवां बस स्टैंड पर एक 3 वर्षीय बालिका अकेली भटक रही है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही कोलगवां थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।

डायल-112 के प्रधान आरक्षक नीरज सिंह (क्रमांक 316) एवं पायलट पुरुषोत्तम ने मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान बालिका अपनी उम्र कम होने के कारण अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में बालिका के परिजनों की तलाश की और लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। तत्पश्चात बालिका को सुरक्षित थाना कोलगवां लाया गया।
कुछ समय बाद बालिका के परिजन उसे खोजते हुए थाने पहुंचे। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
डायल-112 के जवानों की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की परिजनों सहित स्थानीय नागरिकों ने सराहना की।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!