‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिली नई ऊर्जा: कलेक्टर मिशा सिंह ने किया पौधारोपण, कलेक्टर परिसर बनेगा हरित गार्डन

100 छायादार पौधे लगाए गए, परिसर के सौंदर्यीकरण और नियमित रखरखाव के दिए निर्देश

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिले में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने बुधवार को कलेक्टर परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी सामूहिक रूप से पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण के बाद कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण स्थल को व्यवस्थित रूप से विकसित कर आकर्षक हरित गार्डन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण, सिंचाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे भविष्य में घने एवं छायादार वृक्ष बन सकें।

कलेक्टर ने परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा उद्यानिकी विभाग के सहयोग से पौधों की देखभाल और सौंदर्यीकरण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

अभियान के दौरान कलेक्टर परिसर में लगभग 100 छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए, जिनमें बादाम, शीशम, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। इन पौधों से आने वाले समय में परिसर की हरियाली बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनका संरक्षण कर हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!