रतलाम में 7 दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण का शुभारंभ, आपदा प्रबंधन के लिए तैयार होंगे 100 स्वयंसेवक

अपर कलेक्टर बृजेन्द्र कुमार रावत ने किया उद्घाटन, आपदा के समय समाज और प्रशासन के सहयोगी बनने का किया आह्वान

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । मुख्यालय, होमगार्ड्स, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, मध्य प्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के नेतृत्व में आयोजित 7 दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण का शुभारंभ अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र कुमार रावत एवं जिला सेनानी श्रीमती रोशनी बिलवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में जिले के 100 सिविल डिफेंस वालेंटियर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के उद्देश्य, सिविल डिफेंस की भूमिका तथा आपदा प्रबंधन की आधारभूत जानकारी से अवगत कराने के साथ हुई।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रावत ने वालेंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से समाज एवं प्रशासन के सहयोगी के रूप में निस्वार्थ भाव से कार्य करने और आमजन में आपदा जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही सिविल डिफेंस वालेंटियर की जिम्मेदारियों और उनके सामाजिक योगदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों का प्रदर्शन एवं परिचय भी कराया गया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।

निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार यह प्रशिक्षण आगामी सात दिनों तक जारी रहेगा। इसमें वालेंटियर्स को आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक विषयों का प्रशिक्षण देकर उन्हें आपात परिस्थितियों में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!