ग्वालियर में जनगणना के द्वितीय चरण का रात्रिकालीन ड्राय रन सफल

फूलबाग बारादरी क्षेत्र में हुआ परीक्षण, कलेक्टर और भोपाल से आए जनगणना प्रभारी ने किया निरीक्षण

ग्वालियर | पुलिस दर्पण

ग्वालियर । आगामी जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत ग्वालियर जिले में शनिवार रात फूलबाग बारादरी क्षेत्र में रात्रिकालीन ड्राय रन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। जनगणना प्रक्रिया के परीक्षण के लिए ग्वालियर को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। ड्राय रन के दौरान भोपाल से आए जनगणना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव, कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान सहित संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जनगणना दल द्वारा अपनाई जा रही प्रक्रिया का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस परीक्षण के दौरान जनगणना के सभी निर्धारित प्रावधानों का व्यवहारिक अभ्यास कराया गया। विशेष रूप से उन बेघर व्यक्तियों की गणना की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया, जो दिन में आजीविका के लिए बाहर रहते हैं और रात के समय खुले स्थानों या सार्वजनिक स्थलों पर निवास करते हैं। जनगणना के नियमों के अनुसार ऐसे लोगों की गणना रात्रिकाल में ही की जाती है।
प्रशासन का कहना है कि इस ड्राय रन का उद्देश्य आगामी जनगणना को त्रुटिरहित, प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। ग्वालियर का पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयन जिले की प्रशासनिक दक्षता और जनगणना तैयारियों में उसकी सक्रिय भूमिका को भी दर्शाता है।
जनगणना अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस सफल परीक्षण से वास्तविक जनगणना के दौरान प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं सटीक बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!