एनएसयूआई व अन्य छात्र संगठनों का शक्ति प्रदर्शन, कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बाद छोड़ा गया, राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन।
रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। छात्र हितों से जुड़े मुद्दों और नीट परीक्षा सहित 21 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को रतलाम में एनएसयूआई, राष्ट्रीय शिक्षित युवा संघ (NEYU) एवं अन्य छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-युवा दो बत्ती चौराहे पर एकत्रित हुए और मंत्री चेतन्य काश्यप के कार्यालय की ओर पैदल मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रोजगार के अवसर बढ़ाने और छात्रों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। पूरे मार्च के दौरान छात्र नेताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
मंत्री कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को प्रशासन ने पहले से लगाए गए बैरिकेड्स पर रोक दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर चढ़ गए और जोरदार नारेबाजी करते रहे।
हंगामे के बीच पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर जेल वाहन में बैठाया, हालांकि बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। अंततः प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम संबोधित 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पन्द्रो, विभिन्न थाना प्रभारियों सहित प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।
प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष निलेश शर्मा, मयंक जाट, नदीम मिर्जा, महेश मालवीय, अर्पित चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा आंदोलन में शामिल हुए।


