ग्वालियर। पुलिस दर्पण
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में पुलिस के पास एक ऐसी शिकायत पहुंची, जिसने थाने में मौजूद अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। मामला न चोरी का था, न विवाद का और न ही किसी अपराध का, बल्कि एक छात्रा के गुम हुए एयरपॉड्स को खोजने की गुहार से जुड़ा था।
जानकारी के अनुसार, गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी एक छात्रा ने थाने पहुंचकर आवेदन दिया कि उसके एयरपॉड्स कहीं गुम हो गए हैं। छात्रा ने बताया कि उसने काफी तलाश की, लेकिन एयरपॉड्स नहीं मिले। उसने पुलिस से अनुरोध किया कि साइबर तकनीक की मदद से उनके लोकेशन ट्रेस कर उन्हें खोजने में सहायता की जाए।
थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक थाने में मोबाइल, नकदी, पर्स, आभूषण या अन्य सामान चोरी अथवा गुम होने की शिकायतें आती रही हैं, लेकिन केवल एयरपॉड्स को ट्रेस करने के लिए इस तरह का आवेदन पहली बार प्राप्त हुआ है।
पुलिस ने छात्रा का आवेदन स्वीकार कर लिया है और उसे भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर साइबर पुलिस की सहायता लेकर उपलब्ध तकनीकी विकल्पों के माध्यम से एयरपॉड्स का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एयरपॉड्स वास्तव में गुम हुए हैं या किसी ने उन्हें उठा लिया है। यदि तकनीकी रूप से लोकेशन उपलब्ध होती है, तो आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

