ग्रीनसिटी चोरी का इनामी आरोपी भोपाल से गिरफ्तार, करीब 3 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी से पुलिस ने दबोचा, घर में चोरी के बाद महीनों से चल रहा था फरार

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्य प्रदेश

बैतूल। ग्रीनसिटी में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी को गंज पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में तकनीकी निगरानी कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए मशरूके की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

घर से मंगलसूत्र, अंगूठियां और नगदी चोरी

मामला 15 अप्रैल 2026 का है। ग्रीनसिटी सेक्टर-बी निवासी गोविंदराव मोकलकर ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर दो मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी कान के आभूषण, तीन जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की मूर्ति और 75 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए।

रिपोर्ट पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी ने खोला चोरी का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी वीरेन्द्र जैन ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सोनू उडके और सडडु उर्फ राजा के रूप में की। सोनू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी थी, जबकि सडडु उर्फ राजा घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया था।

भोपाल में छिपा था आरोपी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सडडु उर्फ राजा भोपाल में मौजूद है। इसके बाद गंज पुलिस की टीम भोपाल पहुंची और टावर लोकेशन तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

लगातार निगरानी और पतारसी के बाद पुलिस ने आरोपी सडडु उर्फ राजा पिता राजू पाखरे, उम्र 35 वर्ष, निवासी ओझाढाना, गंज, बैतूल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

लाखों के जेवर बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के जेवरात में से—

सोने के कान के टॉप्स की एक जोड़ी, चांदी की दो जोड़ी पायल, चांदी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, चांदी के चार सिक्के, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र एवं हार के 70 नग सोने के मोती, सोने के दो पेंडल सहित करीब 3 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है।

आरोपी को 11 अगस्त को न्यायालय बैतूल के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक इरफान कुरैशी, प्रधान आरक्षक अंकित, नीलेश, मयूर, आरक्षक अनिरुद्ध यादव, नवीन रघुवंशी, नरेन्द्र धुर्वे, शिवशंकर देवड़ा, कृष्णकांत तथा साइबर सेल के आरक्षक दीपेन्द्र और पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय के लिए सूना छोड़ते समय विश्वसनीय पड़ोसियों और बीट पुलिस को जानकारी दें तथा घरों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

गंज पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि चोरी के बाद फरार होकर दूसरे शहर में छिपने वाले आरोपी भी पुलिस की तकनीकी निगरानी से बच नहीं पा रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!