नवेगांव पुलिस ने चोरी गई बाइक बरामद कर आरोपी को दबोचा
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख पुलिस दर्पण छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। नवेगांव थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सिमरिया सागर निवासी 55 वर्षीय विश्वकर्मा ने 18 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। करीब आधे घंटे बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का पता नहीं चला।
फरियादी की रिपोर्ट पर नवेगांव थाने में अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत धारा 305(1), 331(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जुन्नारदेव सोनम पाटिल के निर्देशन में थाना प्रभारी नवेगांव की टीम गठित कर चोरी गई मोटरसाइकिल और अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना एवं संदेह के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम सोनपठार, कटिया मोहल्ला निवासी कमलेश विश्वकर्मा (25 वर्ष) को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक MP48ZH8512, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है, बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवेगांव उप निरीक्षक तरुण सिंह मरकाम, उनि. लखनलाल सरयाम, आरक्षक 1089 रामकिशोर, आरक्षक 900 रमन सिंह, आरक्षक 382 अरुण यादव, आरक्षक 1114 वीरसिंह एवं रक्षा समिति सदस्य कोमल यादववंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

