बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में तीन गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्य प्रदेश
बैतूल। नाबालिग बालिकाओं की गुमशुदगी के मामले में बैतूल बाजार पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर बालिकाओं को दस्तयाब कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल बैतूल भेज दिया गया। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार शासकीय हाईस्कूल बडोरा में अध्ययनरत नाबालिग बालिकाएं 8 अगस्त को स्कूल जाने का कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बाद 15 अगस्त को बैतूल बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में अपराध क्रमांक 263/26, 264/26 एवं 265/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने हमलापुर, बाजपुर, किला खंडारा, सोनाघाटी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के अलावा होटल और लॉज सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बालिकाओं को 24 घंटे के भीतर दस्तयाब कर लिया गया।
बालिकाओं के कथन एवं पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म एवं अन्य संबंधित धाराओं का इजाफा किया गया। पुलिस ने मामले में मनीष पिता अमरलाल बरकड़े (23), निवासी ग्राम चारगांव थाना रानीपुर और विनोद पिता मिलन इवने (19), निवासी धनियाजाम को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया। वहीं मनीष पिता जगनू आहाके (22), निवासी झाड़ेगांव थाना कोतवाली को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल बैतूल भेज दिया गया। वहीं मामले में फरार आरोपी अरविन्द धुर्वे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी बैतूल बाजार निरीक्षक विजयसिंह ठाकुर सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। बच्चा या बच्ची बिना बताए घर से कहीं चला जाए अथवा किसी व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में पुलिस द्वारा नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

