कचरे की ट्रैक्टर-ट्रॉली में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा ले जाने पर बवाल, मेहरा समाज ने मांगी उच्चस्तरीय जांच

आंबेडकर प्रतिमा के लिए भूमि आवंटन की मांग, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मिला मेहरा समाज का प्रतिनिधिमंडल

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा को कथित तौर पर कचरा परिवहन करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर मेहरा समाज संगठन ने नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। समाज का कहना है कि संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के साथ यदि नियम विरुद्ध या अपमानजनक तरीके से व्यवहार किया गया है तो इसकी जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसी मामले सहित अन्य सामाजिक मांगों को लेकर मेहरा समाज संगठन जिला बैतूल के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने हमलापुर स्थित भूमि खसरा नंबर 86/1/1 में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि आवंटित किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही समाज के लिए सामाजिक मंगल भवन हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

कचरे की ट्रॉली में प्रतिमा ले जाने पर उठे सवाल

प्रतिनिधिमंडल ने हमलापुर स्थित एक निजी मकान में रखी डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा को नगर पालिका परिषद बैतूल के अधिकारियों द्वारा रात करीब 8 बजे कचरे की ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाने के मामले को गंभीरता से उठाया। समाज पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि यदि प्रतिमा को स्थानांतरित करना आवश्यक था तो इसके लिए सम्मानजनक एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया गया।

मेहरा समाज ने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि प्रतिमा को किस आदेश के तहत, किस अधिकारी के निर्देश पर और किस वाहन से ले जाया गया। जांच में यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही, नियम विरुद्ध कार्रवाई अथवा प्रतिमा के प्रति अनुचित व्यवहार सामने आता है तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

‘आंबेडकर सम्मान से कोई समझौता नहीं’

समाज पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। इसलिए मामले को केवल प्रशासनिक कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए जिम्मेदारी तय की जाना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया। इसके बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के समक्ष भी समाज की ओर से न्यायोचित कार्रवाई और प्रतिमा के सम्मानजनक स्थान पर स्थापना की मांग रखी गई।

प्रतिमा के साथ सामाजिक मंगल भवन की भी मांग

मेहरा समाज ने कहा कि हमलापुर स्थित प्रस्तावित भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित होने से समाज के साथ क्षेत्र के नागरिकों को भी सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण स्थान मिल सकेगा। समाज ने सामाजिक मंगल भवन के लिए भी भूमि आवंटित करने की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल में मेहरा समाज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जागेश्वर सूरजे, अतिरिक्त कार्यकारी अध्यक्ष क्षन्नु बेले, जिला अध्यक्ष संतु सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष कमलेश पंडौले, डॉ. भूतासिंह बड़ोदे, आकाश कुदारे, दिनेश नागले, गोल्डी उज्जोने, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष चंद्रभान बड़ोदे, भाजपा नेता अशोक नागले, सारणी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष किशोर बरदे, पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला मंत्री सुनीता रमेश बेले सहित अन्य पदाधिकारी एवं सामाजिक बंधु मौजूद रहे।

समाज की ओर से कहा गया कि मांगों को संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जाता रहेगा और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के सम्मान तथा सामाजिक न्याय के लिए आवाज उठाई जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!