सावन के अंतिम सोमवार पर आस्था का महासंगम—डीजे, ढोल-ताशों की गूंज के बीच भक्ति में लीन नजर आएगा पूरा नगर
नामली। रतलाम पुलिस दर्पण
नामली, रतलाम। सावन के अंतिम सोमवार को धार्मिक नगरी नामली में आस्था,भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। नगर के राजाधिराज एवं आराध्य देव श्री हरदेश्वर महादेव की प्रतिवर्ष निकलने वाली भव्य शाही सवारी इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। शाही सवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और नगरवासी बाबा हरदेश्वर महादेव के दर्शन एवं शाही सवारी में शामिल होने को लेकर उत्साहित हैं।
शाही सवारी दोपहर 3 बजे श्री हरदेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके बाद बाबा की सवारी निर्धारित मार्गों से होकर नगर भ्रमण करेगी। सवारी मार्ग में नया बस स्टैंड, निम चौक, होली चौक, पैलेस रोड, जाट मोहल्ला, अयोध्या बस्ती, मेन रोड, चौपड़ा चौराहा, सेमलिया रोड चौराहा, अम्बेडकर चौराहा, बस स्टैंड, महाराणा प्रताप चौराहा, पंचेड़ रोड एवं खेड़ापति हनुमान मंदिर रोड सहित विभिन्न प्रमुख स्थान शामिल रहेंगे। सवारी के पश्चात पुनः श्री हरदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर इसका समापन होगा।
शिवालयों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर नामली नगर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। भगवान शिव के जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन के साथ श्रद्धालु दर्शन लाभ लेने के लिए शिवालयों में पहुंचेंगे। नगर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहेगा। भक्त भगवान भोलेनाथ को जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली एवं नगर की मंगलकामना करेंगे। मंदिरों में हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।
डीजे और ढोल-ताशों की गूंज से भक्तिमय होगा नगर
शाही सवारी में नगर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। डीजे, ढोल-ताशे और धार्मिक धुनों के बीच पूरा नामली नगर महादेव की भक्ति में लीन नजर आएगा। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा बाबा श्री हरदेश्वर महादेव की अगवानी की जाएगी। सवारी पर फूलों की वर्षा कर स्वागत किया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर पुष्प मालाओं से बाबा का पूजन-अर्चन कर श्रद्धालु आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। शाही सवारी में शामिल होने वाली भूतों की बारात भी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। विभिन्न धार्मिक स्वरूपों और आकर्षक झांकियों के साथ निकलने वाली सवारी धार्मिक वातावरण को और भव्य बनाएगी।
फोरलेन स्थित मंदिर में दिनभर अभिषेक और श्रद्धालुओं का तांता
फोरलेन रोड स्थित श्री हरदेश्वर महादेव मंदिर में भी दिनभर धार्मिक आयोजन होंगे। बाबा के अभिषेक एवं पूजन-अर्चन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा। भक्त भगवान शिव का जल, दूध एवं विभिन्न पूजन सामग्री से अभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना करेंगे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण की व्यवस्था की जाएगी।
कई दिनों से चल रही तैयारियां
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी शाही सवारी को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए समिति द्वारा पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं। सवारी मार्ग, धार्मिक झांकियों, स्वागत स्थलों एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सावन के अंतिम सोमवार पर निकलने वाली यह शाही सवारी नामली की धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। नगर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से शुरू होने वाली पूजा-अर्चना से लेकर दोपहर में निकलने वाली बाबा हरदेश्वर महादेव की शाही सवारी तक पूरा नगर शिवमय नजर आएगा।
समस्त हरदेश्वर महादेव भक्त मंडल, नामली ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शाही सवारी में शामिल होकर राजाधिराज श्री हरदेश्वर महादेव के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।

