ग्वालियर। पुलिस दर्पण
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बुधवार को ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचने पर रक्षाबंधन के अवसर पर भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। एयरपोर्ट पर मौजूद लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर स्नेह और विश्वास की राखियां बांधीं। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात CISF की दो महिला जवानों ने भी मुख्यमंत्री से राखी बंधवाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने दोनों जवानों से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार दिए। इस दौरान दोनों महिला जवानों की आंखें नम हो गईं।
ड्यूटी के कारण घर नहीं जा पाईं, सीएम को बनाया भाई
ग्वालियर एयरपोर्ट पर जब CISF की महिला जवानों ने अन्य महिलाओं को मुख्यमंत्री को राखी बांधते देखा तो वे भी भावुक हो गईं। महाराष्ट्र की रासकर अश्विनी और राजस्थान की पूनम यादव एयरपोर्ट सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थीं। ड्यूटी के कारण वे अपने घर जाकर भाइयों को राखी नहीं बांध पा रही थीं। दोनों महिला जवानों ने मुख्यमंत्री से राखी बंधवाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के चलते इस बार वे अपने परिवार और भाइयों से दूर हैं। मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ दोनों की राखी बंधवाई और उन्हें उपहार भेंट किए। राखी बांधते समय दोनों जवानों की आंखों से भावनाएं छलक पड़ीं। कुछ क्षणों के लिए एयरपोर्ट का माहौल बेहद भावुक हो गया।
लाड़ली बहनों ने भी बांधी स्नेह की राखी
ग्वालियर एयरपोर्ट पर लाड़ली बहनों ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कलाई पर राखियां बांधीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों के हाथों से बंधी राखियों के पवित्र धागों ने भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते को और मजबूत किया है। साथ ही इन राखियों ने प्रदेश की हर बहन के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए किए गए उनके संकल्प को भी और मजबूत किया है।
बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर बहन के चेहरे पर मुस्कान रहे, बेटियां सुरक्षित रहें, आत्मनिर्भर बनें और अपने सपनों को पूरा करते हुए आगे बढ़ें, इसके लिए राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर बहन के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। रक्षाबंधन के मौके पर ग्वालियर एयरपोर्ट पर सामने आया यह भावुक दृश्य भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और कर्तव्य निभा रही महिला जवानों की भावनाओं को बयां कर गया।

