युवक की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से पुलिस को मिला सुराग, तीन आरोपी अब भी फरार

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। थाना गंज पुलिस ने युवक देवेन्द्र उर्फ डिब्बी राजपूत की हत्या के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 की रात मृतक देवेन्द्र उर्फ डिब्बी पिता मनोज राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी माचना नगर, गोयल फैक्ट्री के पास, बैतूल को मोबाइल पर फोन आने के बाद उसके दोस्तों द्वारा बुलाया गया था। इसके बाद वह घर से बाहर गया। रात करीब 11:16 बजे वह घर के आंगन में असामान्य हालत में मिला। उसके कपड़े गीले थे और दोनों पैरों, हाथ, पीठ तथा आंख के पास चोट के निशान थे।

परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल बैतूल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे अन्य अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मृतक की मां के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया मारपीट से आई चोटों के कारण मृत्यु होना सामने आया। इसके बाद गंज थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV और तकनीकी जांच से खुली हत्या की गुत्थी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी अन्नापूर्णा सिरसाम के नेतृत्व में गंज थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए—

  1. हर्षित पिता जगत पंवार, निवासी ग्रीनसिटी, बैतूल
  2. शिवम उर्फ लाला पिता चिन्धु उर्फ चिन्ध्या साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्रीनसिटी वार्ड, बैतूल
  3. पीयूष उर्फ छोटू पिता दशरथ बचले, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्रीनसिटी, गंज, बैतूल

को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

तीन आरोपी अभी भी फरार

पुलिस के अनुसार मामले में अजय पिता जगन्नाथ डहेरिया, शुभम पंवार पिता कलीराम पंवार और दीपक उर्फ दीपु उर्फ डेबरी पिता वासुदेव दंवडे, सभी निवासी ग्रीनसिटी बैतूल, फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, उनि उत्तमनंदन मस्तकार, उनि संदीप परतेती, उनि इरफान कुरैशी, सउनि किशोरीलाल सल्लाम सहित गंज थाना पुलिस टीम तथा साइबर सेल के राजेन्द्र, आरक्षक बलराम और आरक्षक पंकज की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा है कि गंभीर एवं जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!