मुलताई, सारणी और चोपना में दबिश; ₹29,375 नकद और 156 ताश के पत्ते जब्त
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। जिले में जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले के मुलताई, सारणी और चोपना थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों पर दबिश देकर कुल 19 आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹29,375 नकद और 156 ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
मुलताई में 6 आरोपी गिरफ्तार:
मुलताई पुलिस ने 13 सितंबर को नेहरू वार्ड स्थित नागदेव मंदिर के बाजू वाली गली में बनी टपरी पर दबिश दी। यहां ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे धनराज प्रजापति, गोविंद उर्फ गुड्डू साहू, सुरेन्द्र विश्वकर्मा, नरेन्द्र विश्वकर्मा, ऋषि साहू और आसिफ सिंघानिया को पकड़ा गया। मौके से ₹1,225 नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 770/26 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।
सारणी में 7 जुआरी पकड़े:
सारणी पुलिस ने 15 सितंबर की रात करीब 1:15 बजे बगडोना स्थित सपरा पेट्रोल पंप के पीछे दबिश दी। यहां जुआ खेल रहे दीपक पवार, पिन्टू मालवीय, सुनील मोहबे, राकेश आहके, शमशेर खान, सलीम मियां और मोन्टी भलावी को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से ₹26,640 नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 330/26, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
चोपना में 6 आरोपी गिरफ्तार:
चोपना पुलिस ने 14 सितंबर को ग्राम शांतिपुर-1 में श्मशान के बाजू बने शेड पर दबिश दी। पुलिस ने यहां जुआ खेल रहे अरुण मंडल, दिजेश मंडल, प्रदीप कुंडू, अश्विनी राय, रामपाल भोरसे और सुदेव सरदार को पकड़ा। कार्रवाई में ₹1,510 नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 135/26, धारा 13 जुआ एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार तीनों कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

