देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। कोतवाली पुलिस ने मोबाइल और पर्स लूट की घटना में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शिव उर्फ शिवा बानखेड़े (25) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से फरियादी से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल और 700 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की रात करीब 9 बजे फरियादी पूरनचंद मांझी रानीपुर से मोटरसाइकिल से बैतूल के गौठाना आ रहा था। चिखलार गांव के आगे भीलवाटेक के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर आए तीन लोगों ने उसकी बाइक रोक ली और मोबाइल व पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में करीब 6 हजार रुपए नगद रखे थे।
फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 777/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ आरोपी राजा उर्फ निहाल को 15 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहीं शिव उर्फ शिवा बानखेड़े और अमन उईके फरार चल रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा इनाम घोषित किया गया था।
24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी शिव उर्फ शिवा बानखेड़े लोहा पुल, खंजनपुर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी की निशानदेही पर फरियादी से लूटा गया नीले रंग का वीवो मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए है, तथा 700 रुपए नगद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी शिव उर्फ शिवा बानखेड़े पिता राम बानखेड़े, उम्र 25 वर्ष, निवासी दुर्गा वार्ड, स्वीपर कॉलोनी, बैतूल का नाम पुलिस की निगरानी सूची में भी दर्ज बताया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, सउनि राजेश मालवीय सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

