CCTV, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से कई वाहन चोरी गिरोहों का खुलासा
भोपाल, 5 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 20 दिनों में विभिन्न जिलों में पुलिस ने 110 चोरी के वाहन जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान वाहन चोरी से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
गुना में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
गुना जिले के चांचौड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से गुना, इंदौर, राजगढ़ और राजस्थान के विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 24 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बैतूल में 22 मोटरसाइकिलें बरामद
बैतूल के भैंसदेही थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की 21 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है, बरामद की गईं। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र की एक अन्य कार्रवाई में चोरी की एक मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 22 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
ग्वालियर में 22 मोटरसाइकिलें जब्त
ग्वालियर के डबरा सिटी पुलिस ने एक वाहन चोर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर 19 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। मुरार थाना पुलिस ने जनभागीदारी से लगाए गए CCTV कैमरों की मदद से चोरी की बुलेट के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। वहीं भितरवार पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर दो कार्रवाइयों में वाहन चोरों को गिरफ्तार कर दो मोटरसाइकिलें जब्त कीं।
जबलपुर और टीकमगढ़ में भी बड़ी सफलता
जबलपुर के हनुमानताल थाना पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेने के साथ 6 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 13 दोपहिया वाहन, पांच मोबाइल और चाकू बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
टीकमगढ़ कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 3.90 लाख रुपये कीमत की नौ मोटरसाइकिलें जब्त कीं।
कई जिलों से वाहन बरामद
इंदौर से दो थार और एक स्कॉर्पियो सहित तीन वाहन, धार से दो मोटरसाइकिल और एक पिकअप, जबकि मंदसौर व नरसिंहपुर से तीन-तीन, छिंदवाड़ा से दो तथा खंडवा, उमरिया, सागर, सीहोर, विदिशा और छतरपुर से एक-एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
तकनीक के जरिए वाहन चोरों पर शिकंजा
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी के मामलों के खुलासे में CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार पतारसी का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। पुलिस की इन कार्रवाइयों से चोरी के वाहनों की पहचान और बरामदगी के साथ आरोपियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

