मध्यप्रदेश पुलिस का विशेष यातायात अभियान संपन्न, 54 हजार से अधिक चालान

3.15 लाख से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को किया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक, 1,812 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के प्रस्ताव भेजे

भोपाल, 15 अक्टूबर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया गया 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान संपन्न हो गया। पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान (पीटीआरआई), पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत प्रदेशभर में हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 54,767 चालान बनाए गए। इनसे 1 करोड़ 85 लाख 26 हजार 152 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। हेलमेट नहीं पहनने पर 1 करोड़ 23 लाख 85 हजार 300 रुपये तथा सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने पर 61 लाख 40 हजार 852 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1,812 मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के प्रस्ताव परिवहन विभाग (आरटीओ) को भेजे गए।

जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़े लाखों लोग

अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक एवं शैक्षणिक स्थलों पर 2,582 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से 3 लाख 15 हजार 483 नागरिकों एवं विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त स्थानीय टीवी चैनलों के जरिए 255 प्रचार गतिविधियों से भी सुरक्षित यातायात का संदेश प्रसारित किया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा गति सीमा सहित सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!