मेमो ट्रेन में 10 लाख रुपये से भरे बैग की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

जीआरपी विदिशा की कार्रवाई, 9.43 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

विदिशा, 17 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश रेल पुलिस ने रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए मेमो ट्रेन में 10 लाख रुपये से भरे बैग की चोरी के मामले का खुलासा किया है। जीआरपी थाना विदिशा पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9 लाख 36 हजार रुपये नकद सहित करीब 9 लाख 43 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।

नींद लगने पर गायब हुआ रुपयों से भरा बैग

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को फरियादी अपने मालिक के निर्देश पर बीना स्थित एक प्लायवुड दुकान से 10 लाख रुपये लेने गया था। रकम प्राप्त करने के बाद उसने 500-500 रुपये के नोटों की 20 गड्डियां काले रंग के पिट्ठू बैग में रखीं और बीना से भोपाल जाने वाली मेमो ट्रेन में सवार हो गया।

गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में अधिक भीड़ होने के कारण उसने बैग को सीट के ऊपर लगी रेलिंग पर रख दिया। इसी दौरान उसे नींद आ गई। विदिशा रेलवे स्टेशन पर जागने के बाद बैग गायब मिलने पर उसने जीआरपी थाना विदिशा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फरियादी के आवागमन मार्गों और संबंधित स्थानों पर लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान संदिग्ध के हुलिए का रेल इकाई भोपाल के विभिन्न थानों में दर्ज पुराने आपराधिक रिकॉर्ड से मिलान किया गया। तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

नकदी, बैग और मोबाइल फोन बरामद

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 9 लाख 36 हजार रुपये नकद, चोरी किया गया काले रंग का बैग, फरियादी का मोबाइल चार्जर और चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 9 लाख 43 हजार रुपये बताया गया है।

रेल यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

मध्यप्रदेश रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और नकदी की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। कीमती सामान को खुला या अपने से दूर न रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे पुलिस को दें।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!