3,695 किलोग्राम गांजे के पौधे बरामद, अनुमानित कीमत 4.43 करोड़ रुपये
धार, 17 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धार जिले के वन क्षेत्र में गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। राजगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम चौबारा के वन क्षेत्र से गांजे के 3,345 पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 3,695 किलोग्राम बताया गया है। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 43 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा के निर्देशन में संचालित नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
दो दिनों तक वन क्षेत्र में चली सर्चिंग
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को ग्राम चौबारा के वन क्षेत्र में अवैध गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर राजगढ़ थाना पुलिस की टीम ने धार-झाबुआ जिले के सीमावर्ती वन क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक दिन-रात सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से उगाए गए गांजे के पौधों की पहचान कर उन्हें जब्त किया गया।
कपास और तुवर की फसल के बीच उगाए गए थे पौधे
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वन क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर कपास और तुवर की फसलों के बीच तथा निचले स्थानों पर गांजे के पौधे उगाए थे। वन क्षेत्र में अतिक्रमण कर अवैध खेती किए जाने की आशंका सहित मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही अवैध खेती में संभावित रूप से शामिल अन्य व्यक्तियों, उनके सहयोगियों और मादक पदार्थों के उत्पादन एवं तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

