देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल 26 अक्टूबर 2025/युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा माय भारत के तत्वावधान में ब्लॉक घोड़ाडोंगरी में पड़ोस युवा संसद 2026-27 का आयोजन ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों, इसके कारणों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उपायों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सुषमा गवली, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक संतोष राजपूत एवं संभागीय समन्वयक कौशल तिवारी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवा संसद की कार्यवाही संसदीय प्रक्रिया के अनुरूप आयोजित की गई। युवाओं ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके सामाजिक दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज के विकास को प्रभावित करता है।
युवाओं ने नशे से दूर रहने के लिए जागरूकता अभियान चलाने, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया। जिला समन्वयक संतोष राजपूत एवं संभागीय समन्वयक कौशल तिवारी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सहभागिता से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
जिला युवा अधिकारी सुषमा गवली ने माय भारत के उद्देश्यों एवं युवा कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पड़ोस युवा संसद जैसे कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं एवं अतिथियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर करुणा देशमुख, आशीष कोकने, सजना धुर्वे, हुकुमचंद कालभोर, महेश गुजेले, हेमंत साहू एवं जतिन प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, माय भारत स्वयंसेवकों तथा ग्रामीण युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन धनंजय सिंह ठाकुर ने किया तथा आभार राजू आओगे ने व्यक्त किया।

