CBN का ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’: 2.72 टन डोडाचूरा, 2 किलो अफीम जब्त, तस्करी नेटवर्क पर बड़ा वार

राजस्थान-मध्यप्रदेश में 4 खुफिया ऑपरेशन, 5 वाहन जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश तेज

नीमच | पुलिस दर्पण

नीमच । नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में चार दिनों तक चलाए गए खुफिया अभियान में मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क पर अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.724 टन डोडाचूरा, 2.019 किलोग्राम अफीम और 5 वाहन जब्त किए हैं। इस दौरान 3 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई आरोपी मौके से फरार हो गए। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तस्करी नेटवर्क की गहन जांच शुरू करदी गई है।

सीबीएन की पहली कार्रवाई में राजस्थान के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में पोल्ट्री फीड की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 1,627.840 किलोग्राम डोडाचूरा से भरा टाटा ट्रेलर ट्रक पकड़ा गया और चालक को गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर करीब 8 से 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एक स्विफ्ट डिजायर कार से 2.019 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। कार में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीसरे ऑपरेशन में कराड़िया महाराज (नीमच) के पास सीबीएन की टीम को देखकर कार चालक चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया। तलाशी में कार से 103.220 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

चौथी कार्रवाई में ग्राम हरनावदा के समीप बोलेरो पिकअप और मोटरसाइकिल छोड़कर तस्कर भाग निकले। बोलेरो की तलाशी के दौरान 993.320 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया।

सीबीएन ने सभी मामलों में जब्त मादक पदार्थ और वाहनों को कब्जे में लेकर एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध खुफिया आधारित अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!