39.800 किलो गांजे के हरे पौधे मिले, अनुमानित कीमत 1.56 लाख रुपये; एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बीजादेही/बैतूल। मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजादेही पुलिस ने ग्राम ढोढरामउ में गांजे की खेती का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार खेत में मक्का और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए गए थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 175 नग हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ढोढरामउ निवासी प्रेमलाल काजले ने अपने खेत में बनी झोपड़ी के आसपास मक्का और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ हरदु वाला टेकड़ा स्थित खेत पर पहुंची।
3 से 8 फीट तक ऊंचे थे पौधे
खेत की तलाशी के दौरान फसल के बीच बड़ी संख्या में गांजे के हरे पौधे मिले। मौके पर गिनती करने पर 175 पौधे पाए गए, जिनकी ऊंचाई लगभग 3 से 8 फीट तक थी। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर पौधों का कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम निकला। पुलिस ने नियमानुसार दो नमूने अलग करने के बाद शेष सामग्री को पैक कर सीलबंद किया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने भूमि स्वामी प्रेमलाल काजले पिता श्यामलाल काजले, निवासी ढोढरामउ के विरुद्ध थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 68/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में एसडीओपी शाहपुर सेफा हाशमी, थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार मीणा, उपनिरीक्षक जीएस बिल्लौरे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खेती, बिक्री और तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

