चतुर्भुज गणेश उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, सामूहिक आरती में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे

मुक्तिधाम सेवा समिति, जीव दया, विहिप-बजरंग दल, संघ सहित विभिन्न संगठनों ने उतारी आरती; महिलाओं की भी रही बड़ी भागीदारी

नामली /रतलाम। पुलिस दर्पण संवाददाता

नामली /रतलाम। नगर में चल रहे श्री चतुर्भुज गणेश उत्सव के तहत श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर प्रांगण में भक्ति और श्रद्धा का विशेष नजारा देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सदस्यों ने एकत्रित होकर भगवान श्री गणेश की सामूहिक आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान नगर की धर्मप्रेमी जनता ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर गणपति भक्ति में सहभागिता की। आरती में नामली मुक्तिधाम श्री निःस्वार्थ सेवा समिति, जीव दया नामली, विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। श्री चतुर्भुज गणेश उत्सव समिति के सदस्यों द्वारा सभी संगठनों के सदस्यों का दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। आरती के दौरान पूरे प्रांगण में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। विशेष रूप से महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। गणपति आरती के दौरान पूरा परिसर भक्ति, जयकारों और धार्मिक उत्साह से गूंज उठा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं महाप्रसादी वितरित की गई।

डोल ग्यारस पर खीर की महाप्रसादी, अनंत चतुर्दशी पर होगा महाभंडारा

श्री चतुर्भुज गणेश उत्सव समिति कुड़ी ग्रुप द्वारा आगामी डोल ग्यारस के अवसर पर खीर की महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। वहीं अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर महाभंडारे का आयोजन रखा गया है। समिति ने नगर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करने का आह्वान किया है। नगर में विभिन्न स्थानों पर गणेश उत्सव के आयोजन चल रहे हैं, लेकिन खेड़ापति हनुमान प्रांगण स्थित श्री चतुर्भुज गणेश उत्सव समिति के पंडाल में सामूहिक आरती के दौरान श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति और उत्साह देखने को मिला। समिति द्वारा धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक संगठनों को जोड़कर सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया जा रहा है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!