चांदामेटा पुलिस की बड़ी उपलब्धि: नाबालिग बालिकाओं की 100% दस्तयाबी, एक भी मामला लंबित नहीं

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख पुलिस दर्पण छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चांदामेटा पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। थाना चांदामेटा क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं से संबंधित मामलों में पुलिस ने 100 प्रतिशत दस्तयाबी सुनिश्चित की है। वर्तमान में थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं का कोई भी मामला दस्तयाबी के लिए लंबित नहीं है।

पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक नाबालिग बालिका के घर से चले जाने की सूचना पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी लगातार तलाश की।

पुलिस के समन्वित प्रयासों के बाद नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। बालिका के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

तकनीकी और मैदानी कार्रवाई का असर

चांदामेटा पुलिस द्वारा नाबालिग बालक-बालिकाओं के गुम होने अथवा घर से चले जाने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम तकनीकी संसाधनों, संभावित स्थानों पर तलाश और परिजनों के साथ समन्वय के माध्यम से दस्तयाबी के प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नाबालिग के गुम होने की सूचना मिलते ही बिना देरी के आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की जाए और हरसंभव प्रयास कर सकुशल दस्तयाबी सुनिश्चित की जाए।

पुलिस की अपील—देरी न करें परिजन

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई नाबालिग बालक या बालिका बिना बताए घर से चला जाता है अथवा लापता होता है तो परिजन तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को तलाश शुरू करने और नाबालिग की सुरक्षित दस्तयाबी में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।

चांदामेटा पुलिस की 100 प्रतिशत दस्तयाबी की उपलब्धि नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!