रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रावटी क्षेत्र में आयोजित शिविर से लौटते समय कलेक्टर अजय कटेसरिया अचानक रावटी स्थित सांदीपनि स्कूल पहुंच गए। बिना औपचारिकता के सीधे कक्षाओं में पहुंचे कलेक्टर को अपने बीच देखकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।
कलेक्टर ने कक्षा चौथी में पहुंचकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और किताबों को लेकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों से गणित के भाग (डिवीजन) से जुड़े सवाल पूछे। इसके बाद ब्लैकबोर्ड संभालते हुए खुद गणित के सवाल हल किए और बच्चों को उन्हें आसानी से हल करने की विधि समझाई।
पांचवीं कक्षा में भी लिया बच्चों का ‘टेस्ट’
इसके बाद कलेक्टर कक्षा पांचवीं में पहुंचे। यहां भी उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के अलग-अलग प्रश्न पूछे। बच्चों के जवाब सुनने के बाद उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर सवाल लिखकर स्वयं हल किए और गणित को कठिन नहीं, बल्कि समझने का विषय बनाने की सरल तकनीक बताई।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, सवाल पूछने में संकोच नहीं करने और जिज्ञासा के साथ नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
कलेक्टर कटेसरिया ने स्कूल स्टाफ से भी चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों की बुनियादी गणितीय दक्षता मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ वैशाली जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
खास बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान कलेक्टर केवल व्यवस्थाएं देखने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि खुद ब्लैकबोर्ड पर गणित समझाकर बच्चों के साथ शिक्षक की भूमिका में नजर आए।

