100 करोड़ के ड्रग्स को जलाकर किया नष्ट

100 करोड़ के ड्रग्स का अंत: 1800°C के बॉयलर में जलाकर किया नष्टनष्टीकरण, उज्जैन-रतलाम रेंज की बड़ी कार्रवाई।

विक्रम सीमेंट अल्ट्राटेक प्लांट में सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किए गए मादक पदार्थ, आईजी और डीआईजी समेत कई जिलों के एसपी रहे मौजूद।
नीमच | पुलिस दर्पण

नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए उज्जैन रेंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उज्जैन रेंज के आईजी राकेश गुप्ता के मार्गदर्शन तथा रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल के निर्देशन एवं निगरानी में करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से नष्टीकरण किया गया।

यह कार्रवाई विक्रम सीमेंट अल्ट्राटेक प्लांट में की गई, जहां प्लांट के लगभग 1800 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले हाई-टेम्परेचर बॉयलर में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जब्त मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट किया गया। इस दौरान उज्जैन एवं रतलाम रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नीमच, मंदसौर, शाजापुर और देवास जिले के पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जब्त किए गए ड्रग्स का वैज्ञानिक तरीके से नष्टीकरण यह सुनिश्चित करता है कि इन्हें दोबारा किसी भी प्रकार से अवैध उपयोग में न लाया जा सके। इस कार्रवाई को नशा तस्करों के नेटवर्क पर एक बड़ा और सख्त संदेश माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी मादक पदार्थों के विरुद्ध इसी तरह की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!