महिला के नाम से फर्जी फेसबुक-इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी जांच से 48 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस, मोबाइल जब्त; महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध पर कड़ा प्रहार।
बैतूल पुलिस दर्पण संवाददाता देवीनाथ लोखंडे

बैतूल । जिले की सारणी पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध के एक गंभीर मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक महिला के नाम से फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें एवं आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित की थी। पुलिस की त्वरित तकनीकी जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के तहत यह सफलता हासिल हुई। पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 को थाना सारणी में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर अश्लील फोटो और आपत्तिजनक पोस्ट वायरल कर उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।
शिकायत के आधार पर थाना सारणी में अपराध क्रमांक 212/2026 दर्ज करते हुए आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए) तथा बीएनएस की धारा 316(2) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर 7 जुलाई को विनय पिता सेनापति सिंदूर (33 वर्ष), निवासी सुपर एफ, सारणी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक प्रीति पालेवार, आरक्षक सुभाष मंडलोई एवं मोहित भाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ उपयोग करें। यदि किसी भी प्रकार का साइबर अपराध, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट या ऑनलाइन उत्पीड़न सामने आए तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!