रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। जिले के नवागत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद शहर के प्रसिद्ध मां कालिका माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मां कालिका की आरती कर रतलाम जिले की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना की।
मंदिर परिसर में पुजारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कलेक्टर श्री कटेसरिया का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने जिलेवासियों के कल्याण, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक कार्यों के सफल संचालन के लिए मां कालिका का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, ग्रामीण एवं शहरी एसडीएम, तहसीलदार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नवागत कलेक्टर का यह आध्यात्मिक और जनभावनाओं से जुड़ा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम चर्चा का विषय बना रहा। जिलेवासियों ने भी उनके सफल कार्यकाल और रतलाम के समग्र विकास की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

