सायबर सेल की तकनीकी मेहनत रंग लाई, ₹1 करोड़ से अधिक कीमत के मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को सौंपे
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा, 12 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले छिंदवाड़ा पुलिस ने सैकड़ों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस की सायबर सेल टीम ने गुम हुए 501 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹1 करोड़ 6 हजार रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय के आदेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन में जिला सायबर सेल द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर लगातार तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा था। इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 501 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
रक्षाबंधन से पहले बहनों को मिला अपना मोबाइल
मोबाइल वापसी के दौरान कई बहनों को भी उनके गुम हुए मोबाइल वापस मिले। रक्षाबंधन से ठीक पहले अपना मोबाइल वापस पाकर उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। पुलिस की इस पहल ने त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया।
शासकीय कर्मचारी से लेकर छात्र और किसान तक को राहत
बरामद मोबाइल फोन अलग-अलग वर्गों के लोगों के थे। इनमें शासकीय कर्मचारी, शिक्षक, अधिवक्ता, बैंक कर्मचारी, डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, सेना के जवान, व्यापारी, दुकानदार, छात्र, ऑटो एवं ट्रैक्टर चालक, श्रमिक, गृहिणी और किसान सहित अन्य नागरिक शामिल हैं।
सायबर सेल की तकनीकी दक्षता ने दिलाई सफलता
मोबाइल फोन की बरामदगी में सायबर सेल टीम के आर. आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह, अभिषेक ठाकुर, राहुल डडोरे, अंकित शर्मा एवं मोहित चन्द्रवंशी का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
पुलिस की अपील—ओटीपी और अनजान लिंक से रहें सावधान
छिंदवाड़ा पुलिस ने नागरिकों से सायबर अपराधों से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें, अनजान नंबरों से आने वाले कॉल पर भरोसा न करें और अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करें।
छिंदवाड़ा पुलिस का संदेश:
“सहयोगी जनता, सक्रिय पुलिस और सुरक्षित समाज।”

