रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। शहर के उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई। डोसी गांव के समीप गौरव पैलेस कॉलोनी में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा खुशी अपने घर में फंदे से लटकी मिली। घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी।
जानकारी के अनुसार, खुशी गुरुवार को स्कूल नहीं गई थी। दोपहर में उसका छोटा भाई मकान की ऊपरी मंजिल पर पहुंचा, जहां उसने बहन को फंदे से लटका देखा। घबराए भाई ने तुरंत नीचे रह रहे अपने ताऊ अशोक परमार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रा को फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
माता-पिता काम पर गए थे
बताया गया है कि मृतका की मां शारदा परमार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, जबकि पिता निजी तौर पर इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। घटना के समय दोनों अपने-अपने काम पर गए हुए थे।
सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस को प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

