शहरवासियों को मिलेगा ताजा और प्राकृतिक खाद्य सामग्री खरीदने का अवसर, किसानों को भी मिलेगा सीधा बाजार
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। शहरवासियों को ताजे, प्राकृतिक और जैविक कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार दिलाने की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार, 26 सितंबर 2026 को गुरिया सब्जी मंडी में 42वें साप्ताहिक जैविक हाट का आयोजन किया जाएगा। कृषि विभाग की निगरानी में लगने वाले इस हाट में किसान अपने खेतों में तैयार उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाएंगे।
जैविक हाट में जिले के प्राकृतिक खेती करने वाले किसान और उत्पादक ताजी सब्जियां, फल, अनाज, दालें, मसाले, कच्ची खाने का तेल, श्रीअन्न, बड़ी-पापड़, घी, दूध-दही, गुड़, जैविक हल्दी तथा अन्य प्राकृतिक एवं कृषि उत्पाद लेकर पहुंचेंगे। इससे शहरवासियों को स्थानीय किसानों से सीधे उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा।
बिचौलियों से दूरी, किसान और ग्राहक का सीधा जुड़ाव
साप्ताहिक जैविक हाट की सबसे खास बात यह है कि यहां किसान और उपभोक्ता सीधे एक-दूसरे से जुड़ रहे हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए स्थानीय बाजार मिल रहा है, वहीं ग्राहकों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताजा उत्पाद खरीदने का अवसर मिल रहा है।
लगातार 42 सप्ताह से संचालित जैविक हाट को शहरवासियों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों का उत्साह भी बढ़ा है और अधिक किसान अपने उत्पादों के विपणन के लिए इस हाट से जुड़ रहे हैं।
प्राकृतिक खेती को मिल रहा प्रोत्साहन
यह हाट केवल खरीद-बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है। स्थानीय किसानों को बाजार मिलने से वे प्राकृतिक पद्धति से कृषि उत्पादन के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ शहर और गांव के बीच सीधा बाजार संबंध भी विकसित हो रहा है।
कृषि विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि शनिवार को गुरिया सब्जी मंडी पहुंचकर स्थानीय किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक उत्पाद खरीदें और किसानों को सीधे बाजार उपलब्ध कराने के साथ प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने में सहभागी बनें।

