तकनीकी सूचना और आरपीएफ के समन्वय से कोतवाली पुलिस को मिली सफलता, परिजनों को सौंपा
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। बैतूल जिले के सोनाघाटी क्षेत्र से बिना बताए घर से निकलीं दो नाबालिग बालिकाओं को कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर महाराष्ट्र के मुर्तिजापुर रेलवे स्टेशन से सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस की तकनीकी सूचना और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ समन्वय से दोनों बालिकाओं की तलाश पूरी हुई।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र की चौकी सोनाघाटी से दो नाबालिग बालिकाएं बिना बताए घर से चली गई थीं। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 807/2026 और 808/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया और चौकी प्रभारी चित्रा कुमरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सूचनाओं के आधार पर खोजबीन की। इस दौरान रेलवे पुलिस और आरपीएफ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा की गई। संयुक्त समन्वय और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों बालिकाओं को मुर्तिजापुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना और सोनाघाटी चौकी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ने की तत्काल सूचना देने की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई नाबालिग बालक या बालिका बिना बताए घर से चला जाता है, तो तलाश में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस तकनीकी माध्यमों और रेलवे पुलिस, बस स्टैंड सहित संबंधित इकाइयों के सहयोग से तलाश की कार्रवाई करेगी। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की है।

