छिंदवाड़ा की पहली ISO प्रमाणित पुलिस चौकी बनी उमरानाला

ISO 9001:2015 अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन से बढ़ा जिले की पुलिस का गौरव, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान

जिला ब्यूरो प्रमुख निर्मला पहाडे

छिंदवाड़ा। जिले की पुलिस व्यवस्था के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। थाना मोहखेड़ के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी उमरानाला को ISO 9001:2015 अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली उमरानाला पुलिस चौकी जिले की पहली एवं एकमात्र पुलिस चौकी बन गई है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विशेष अवार्ड एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

पुलिस चौकी उमरानाला को यह प्रमाणन उसकी कार्यप्रणाली, दस्तावेजीकरण, शिकायत निवारण व्यवस्था, जनसेवा, स्वच्छता, अनुशासन, पारदर्शिता और गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के लिए प्रदान किया गया है। इस प्रमाणन को चौकी की व्यवस्थाओं में सुधार और पुलिस सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

एसपी की मौजूदगी में हुआ सम्मान समारोह

इस उपलब्धि के अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के मुख्य आतिथ्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ISO प्रमाणपत्र का विधिवत अनावरण किया गया। साथ ही चौकी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक सुनील बरकड़े, रक्षित निरीक्षक हर्ष राज यादव, यातायात थाना प्रभारी संदीप सुनेश, कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे, कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत, देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत तथा पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेंडे सहित पुलिस स्टाफ एवं प्रेस-मीडिया के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अन्य थानों और चौकियों को भी ISO प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य

छिंदवाड़ा जिला पुलिस ने भविष्य में जिले की अन्य पुलिस चौकियों एवं थानों को भी इसी मॉडल पर विकसित कर ISO प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उमरानाला चौकी को मिला यह प्रमाणन पुलिस की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता, अनुशासन और जनसेवा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!