छिंदवाड़ा पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ शस्त्र पूजन, एसपी बोले—जनता की रक्षा और न्याय के लिए हैं पुलिस के शस्त्र

बटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में हवन, मंत्रोच्चार और आरती के साथ मनाया विजयादशमी पर्व

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा, 20 अक्टूबर। विजयादशमी के अवसर पर जिला पुलिस छिंदवाड़ा द्वारा पुलिस लाइन स्थित बटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में परंपरागत शस्त्र पूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत बटेश्वर हनुमान जी के पूजन-अर्चन, हवन और मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद पुलिस लाइन में रखे सरकारी शस्त्रों—रायफल, पिस्टल और कार्बाइन सहित अन्य आयुध सामग्री का विधि-विधान से पूजन किया गया। शस्त्रों को फूल-मालाओं से सजाया गया और वाद्य यंत्रों के साथ संगीतमय आरती की गई।

जनता की सुरक्षा के लिए हैं पुलिस के शस्त्र : एसपी

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि शस्त्र पूजन सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस के शस्त्र जनता की रक्षा, न्याय और धर्म की स्थापना के लिए हैं। इनका उपयोग शांति स्थापित करने और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शस्त्र पूजन पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति अधिक निष्ठावान और जिम्मेदार बने रहने की प्रेरणा देता है।

पुलिस बल और उनके परिजनों की रही मौजूदगी

समारोह में रक्षित निरीक्षक हर्ष राज यादव, रक्षित निरीक्षक कमला कुशवाहा, कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत, साइबर सेल प्रभारी कंचन राजपूत, फिंगरप्रिंट प्रभारी सत्येंद्र बघेल, पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेंडे, यातायात प्रभारी संदीप सुरेश, सूबेदार लोहित शेंडे, लाइन ऑफिसर केशव इंगले सहित पुलिस लाइन का स्टाफ, महिला पुलिस बल, पुलिस परिवार के सदस्य, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।

पूजन के बाद प्रसाद एवं स्वल्पाहार का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर जिला पुलिस छिंदवाड़ा की ओर से जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी गईं।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!