कपास-मक्का की फसल के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे, 28 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त

शिवगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 880 पौधे जब्त; 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शिवगढ़ पुलिस ने ग्राम गुंजा में एक खेत पर दबिश देकर गांजे के 880 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त पौधों का कुल वजन 280.65 किलोग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत 28 लाख 6 हजार 500 रुपये आंकी गई है। मामले में ग्राम गुंजा निवासी 52 वर्षीय वीरू पिता शम्भु पारगी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को थाना शिवगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुंजा निवासी वीरू पारगी ने अपने खेत में गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
इस दौरान खेत में एक व्यक्ति काम करता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान वीरू पिता शम्भु पारगी, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम गुंजा, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम के रूप में हुई।

कपास और मक्का की फसल के बीच मिले पौधे

पुलिस के मुताबिक, खेत की तलाशी के दौरान कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे जैसे हरे पौधे उगे मिले। पंचों की उपस्थिति में पौधों की गिनती और जब्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 880 पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 280.65 किलोग्राम बताया गया है। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 28,06,500 रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस मामले में अवैध खेती से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान, प्रधान आरक्षक रघुवीरसिंह शक्तावत, प्रधान आरक्षक जितेन्द्रपालसिंह राठौर, आरक्षक मनीष खराड़ी, आरक्षक सचिन पाटीदार, आरक्षक विकास जादौन एवं महिला आरक्षक रंजिता मोदी की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!