खेत में भेड़ घुसने को लेकर विवाद, लाठी-डंडों से मारपीट में किसान के पिता की मौत; पांच आरोपी गिरफ्तार

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सागला खो में खेत में भेड़ घुसने की बात को लेकर किसान और राजस्थान के पाली जिले से आए भेड़ पालकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि भेड़ पालकों ने किसान और बीच-बचाव करने आए उसके पिता के साथ लाठी-डंडों एवं लात-घूंसों से मारपीट कर दी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान किसान के 60 वर्षीय पिता मंगला भाभर की मौत हो गई।

पुलिस ने किसान सुखराम भाभर की रिपोर्ट पर पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 अगस्त 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

खेत में घुसी भेड़ों को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार ग्राम सागला खो निवासी 36 वर्षीय सुखराम भाभर ने अपने खेत में सोयाबीन की फसल बो रखी है। 18 अगस्त की शाम कुछ भेड़ें उसके खेत में घुस गई थीं। सुखराम ने भेड़ पालकों के पास जाकर खेत में भेड़ें घुसने को लेकर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।

सुखराम के अनुसार आरोपी हरजी ने उसकी कॉलर पकड़ ली। इसके बाद हरजी सहित सोनाराम और राजाराम ने लाठियों से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में सुखराम की पीठ, कमर और दोनों पैरों में चोट आई।

बीच-बचाव करने आए पिता से भी मारपीट

मारपीट होती देख सुखराम के 60 वर्षीय पिता मंगला भाभर बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ भी लाठियों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। शोर सुनकर सुखराम की मां सागुड़ीबाई मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव किया। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुखराम तथा उसके पिता मंगला भाभर को मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया।

इलाज के दौरान मंगला भाभर की हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने 19 अगस्त को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

पाली जिले के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार राजस्थान के पाली जिले से बड़ी संख्या में भेड़ पालक भेड़ों को चराने के लिए रतलाम जिले में आते हैं। अलग-अलग गांवों में डेरा डालकर कुछ दिनों तक रुकने के बाद जंगल एवं आसपास के क्षेत्रों में भेड़ें चराते हैं। वर्तमान में कुछ भेड़ पालक बड़ी संख्या में भेड़ों के साथ शिवगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से लगे ग्राम सागला खो क्षेत्र में ठहरे हुए थे।

पांच आरोपियों पर प्रकरण, सभी गिरफ्तार

घायल सुखराम भाभर की रिपोर्ट पर पुलिस ने हरिराम पिता बालाराम रेबाड़ी (30), निवासी नयागांव, थाना गुड़ा, जिला पाली; सोनाराम पिता पोसाजी (27), निवासी कुरना, जिला पाली; हरजी पिता लालाजी रेबाड़ी (50), निवासी गिरवर, जिला पाली; तेजाजी उर्फ तेजाराम पिता जापाजी (45), निवासी लापुर, जिला पाली तथा राजाजी उर्फ राजाराम पिता भानाजी (50), निवासी किरवा, जिला पाली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

एसआई अजमेर सिंह भूरिया के अनुसार पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को 20 अगस्त 2026 तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं। पुलिस आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!