ग्वालियर पुलिस की बड़ी सफलता, नाबालिगों की तलाश में कई जिलों और राज्यों तक पहुंची पुलिस

24 घंटे में दो नाबालिग भाइयों को सोनीपत से किया सकुशल दस्तयाब, अन्य तीन मामलों में भी पुलिस को सफलता

ग्वालियर, 4 अक्टूबर 2026। ग्वालियर पुलिस ने नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी और अपहरण के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से कई नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब किया है। पुलिस की टीमों ने तकनीकी सहायता, सूचना तंत्र और लगातार तलाश के माध्यम से अलग-अलग मामलों में सफलता हासिल की। कार्रवाई के बाद सभी नाबालिगों को आवश्यक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।

24 घंटे में सोनीपत से मिले दो नाबालिग भाई

थाना मुरार पुलिस को घर से निकले दो नाबालिग भाइयों के संबंध में सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। तकनीकी एवं उपलब्ध सूचना के आधार पर पुलिस टीम को दोनों भाइयों के हरियाणा के सोनीपत स्थित एक आश्रम में होने की जानकारी मिली। टीम ने सोनीपत पहुंचकर दोनों नाबालिग भाइयों को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया।

आगरा से दो नाबालिग बालिकाएं बरामद

थाना जनकगंज पुलिस ने एक अन्य मामले में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, उत्तरप्रदेश से सकुशल दस्तयाब किया। वहीं थाना करहिया पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को आगरा के सेवला क्षेत्र से बरामद किया। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई और बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया।

दो साल पुराने अपहरण मामले में भी मिली सफलता

थाना बिजौली पुलिस ने तकनीकी सहायता के आधार पर करीब दो वर्ष पुराने अपहरण के प्रकरण में नाबालिग बालक को जयपुर, राजस्थान से सकुशल दस्तयाब किया। लंबे समय से लंबित इस मामले में पुलिस ने उपलब्ध तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण करते हुए तलाश आगे बढ़ाई और अंततः बालक का पता लगाने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस की सक्रियता से परिजनों को मिली राहत

ग्वालियर पुलिस की विभिन्न थाना टीमों द्वारा की गई इन कार्रवाइयों में अलग-अलग राज्यों और शहरों तक पहुंचकर नाबालिगों की तलाश की गई। पुलिस की तत्परता और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत पहुंचाई गई। सभी मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!