भूमि विवादों पर रावटी मॉडल: एक ही दिन में 68 मामलों की सुनवाई, पुलिस-राजस्व की संयुक्त पहल से मिला त्वरित समाधान
थाना परिसर में लगा विशेष शिविर, संवेदनशील मामलों में बाउंडओवर कार्रवाई; एसपी अमित कुमार के निर्देशन में चला विवाद निपटान अभियान
रतलाम / पुलिस दर्पण
जिले में भूमि संबंधी विवादों के शांतिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के लिए रावटी थाना परिसर में आयोजित विशेष संयुक्त शिविर में पुलिस एवं राजस्व विभाग ने मिलकर बड़ी पहल करते हुए कुल 68 प्रकरणों की सुनवाई की। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि संवेदनशील मामलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित पक्षों के विरुद्ध बाउंडओवर की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित इस विशेष शिविर का उद्देश्य जमीन संबंधी विवादों को बढ़ने से रोकना, आपसी तनाव कम करना तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना था। शिविर में तहसीलदार श्रीमती वंदना किराड़े अपने राजस्व अमले एवं संबंधित हल्कों के पटवारियों के साथ मौजूद रहीं, वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र गाड़रिया ने पुलिस अधिकारियों एवं बीट प्रभारियों के साथ सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।
शिविर के दौरान पूर्व से लंबित 60 आवेदन तथा मौके पर प्राप्त 08 नए आवेदन सहित कुल 68 प्रकरणों की सुनवाई की गई। कई मामलों में पटवारी एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजकर निरीक्षण कराया गया और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया। अन्य मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर राजस्व अभिलेखों एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने विवादित पक्षों को समझाइश देते हुए स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान केवल वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से ही किया जाए। किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेने या विवाद को बढ़ाने का प्रयास न किया जाए। कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध बाउंडओवर की कार्रवाई भी की गई।
शिविर में उपनिरीक्षक एम.आई. खान, सहायक उपनिरीक्षक गणेश शर्मा, पारसिंह वसुनिया सहित राजस्व विभाग के पटवारी राजेश कुमार भाटी, अमर सिंह मईडा, अशोक कुमार योगी, दिव्या पितलिया, अटल शर्मा, ओमप्रकाश डोडियार, मन्नालाल वसुनिया, प्रभात मईडा, चंद्रप्रभा रावत, गेंदालाल वसुनिया, पवन मालवीय, घनश्याम डिंडोर, नवीन सांकला एवं गौरव बोरिया सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा।
पुलिस एवं राजस्व विभाग ने आमजन से अपील की है कि भूमि संबंधी किसी भी विवाद की स्थिति में संबंधित विभागों से संपर्क करें तथा कानूनी एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें। प्रशासन की यह संयुक्त पहल ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों के त्वरित निपटारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है

