दिव्यांगजनों के हित में बड़े फैसले, पुनर्वास केन्द्र के विकास और सुविधाओं के विस्तार पर बनी कार्ययोजना
कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट ने सीएसआर एवं खनिज मद से वित्तीय सहयोग के प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश
झाबुआ / पुलिस दर्पण
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र, झाबुआ की जिला प्रबंधन समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में दिव्यांगजनों के पुनर्वास, उपचार, प्रशिक्षण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के प्रारंभ में समिति के सचिव एवं नोडल अधिकारी श्री पंकज सांवले ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा पॉवर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र की विभिन्न इकाइयों द्वारा संचालित गतिविधियों एवं प्रगति प्रतिवेदन की जानकारी दी।
बैठक में केन्द्र परिसर के समग्र विकास एवं दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें सहायक अंग एवं उपकरणों के सुरक्षित भंडारण हेतु शेड निर्माण, दिव्यांगजनों के लिए प्रतीक्षालय (शेड) का निर्माण, विभिन्न इकाइयों के संचालन के लिए अतिरिक्त कक्ष, हॉल एवं सुविधाघरों की व्यवस्था शामिल है।
इसके अलावा गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराए गए टाटा मैजिक वाहन के संचालन के लिए विभागीय चालक की उपलब्धता सुनिश्चित करने, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के छात्रावास एवं विद्यालय में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु जिला चिकित्सालय से चिकित्सक की जिम्मेदारी तय करने तथा कम्प्यूटर प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षक की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में छात्रावास में निवासरत दिव्यांग बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए इनडोर एवं आउटडोर खेल सामग्री, व्यायाम उपकरण तथा जिम संबंधी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सभी प्रस्तावों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने निर्देश दिए कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के विकास से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता दिलाने के लिए गेल इंडिया लिमिटेड के मुख्यालय को पत्र भेजा जाए। साथ ही केन्द्र में आवश्यक अधोसंरचना एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए खनिज मद, विभिन्न बैंकों तथा सार्वजनिक एवं निजी उपक्रमों की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि से वित्तीय सहयोग प्राप्त करने हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रेषित किए जाएं।
बैठक के अंत में समिति के सचिव एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री पंकज सांवले ने उपस्थित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव श्री आर.एस. शर्मा, पैरेंट्स सोसायटी फॉर पर्सन्स विद डिसएबिलिटीज के अध्यक्ष श्री यशवंत भंडारी, प्रशासनिक अधिकारी जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र डॉ. वी.एस. निनामा, सिविल सर्जन डॉ. एम.एल. मालवीय, जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा अभियान श्री आर.एस. सिंगाड़, गेल इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक श्री विकास राज सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

