फर्जी प्रेस कार्ड, यूट्यूबर की पहचान और गर्लफ्रेंड के साथ 70 लाख की अफीम! हरियाणा पुलिस ने खोला अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा नेटवर्क

नीमच / फतेहाबाद | पुलिस दर्पण

मध्य प्रदेश के नीमच जिले से जुड़े एक कथित यूट्यूबर को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ हरियाणा पुलिस ने 13 किलो 60 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी प्रेस कार्ड और कार पर लगे कथित न्यूज स्टिकरों का इस्तेमाल कर विभिन्न राज्यों में बिना संदेह के आवाजाही करता था।

हरियाणा के फतेहाबाद जिले की सीआईए रतिया टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर धांगड़ पुल के पास गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की। इस दौरान DL-3CBA-2461 नंबर की होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 13.060 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। मौके से नीमच निवासी ईश्वरलाल और उसकी साथी सोना प्रजापति (रायसेन, मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मध्य प्रदेश से अफीम लाकर हरियाणा के फतेहाबाद, सिरसा और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब आरोपी के कब्जे से चार अलग-अलग प्रेस एवं पहचान पत्र बरामद हुए। सभी कार्डों पर नाम एक ही था, लेकिन फोटो अलग-अलग पाए गए। कार पर आगे-पीछे कथित न्यूज स्टिकर भी लगे हुए थे, जिससे पुलिस को आशंका है कि आरोपी मीडिया की आड़ लेकर तस्करी को अंजाम देते थे।

जांच में यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी सोशल मीडिया पर स्वयं को यूट्यूबर बताकर सक्रिय था और इसी माध्यम से लोगों से संपर्क बनाता था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं सोशल मीडिया और फर्जी मीडिया पहचान का उपयोग संगठित नशा तस्करी नेटवर्क संचालित करने के लिए तो नहीं किया जा रहा था।

हरियाणा पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!