जिला न्यायालय में युवक ने किया उत्पात, जज के चेंबर में बाइक घुसाने का प्रयास

कोर्ट परिसर में हंगामा, कर्मचारियों से मारपीट; पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी गिरफ्तार, विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज

संवाददाता बैतूल देवी नाथ लोखंडे

बैतूल। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक तेज रफ्तार बाइक लेकर न्यायालय परिसर में घुस आया और माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के चेंबर तक पहुंचने का प्रयास किया। रोकने पर उसने कोर्ट कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों से मारपीट की, न्यायालय का कांच का दरवाजा तोड़ दिया तथा एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी लोकेश प्रजापति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
भृत्य राजकुमार उइके द्वारा कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5 बजे कंपनी गार्डन निवासी लोकेश प्रजापति अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-04-एमजे-8334 को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए जिला न्यायालय परिसर में पहुंचा। वह लगातार हॉर्न बजाते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कार पार्किंग पोर्च तक पहुंच गया और बाइक लेकर चेंबर की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक न्यायाधीश की शासकीय कार से टकराकर गिर गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जब राजकुमार उइके ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की, जिससे उन्होंने पीछे हटकर अपनी जान बचाई।
हंगामा सुनकर कोर्ट मुंशी महेंद्र काकोड़िया, गनमैन रविकांत शर्मा, सुरक्षाकर्मी जगदीश कीर, प्रधान आरक्षक लुकमान, अमित बुनकर, जितेंद्र मोर सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सभी ने आरोपी को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों से धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगा। इस दौरान वह जोर-जोर से चिल्लाता रहा और जबरन न्यायाधीश के कोर्ट रूम में घुस गया। कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया तो उसने न्यायालय परिसर का कांच का दरवाजा तोड़ दिया।
काफी मशक्कत के बाद मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय परिसर स्थित लॉकअप रूम में पहुंचाया। वहां भी उसने उत्पात जारी रखा और प्रधान आरक्षक लुकमान के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। आरोपी लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करता रहा, जिससे न्यायालय परिसर में वकीलों, पक्षकारों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने पर रजिस्ट्रार तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी का व्यवहार नहीं बदला।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल न्यायालय परिसर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। राजकुमार उइके की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट, गाली-गलौज तथा अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है तथा न्यायालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद न्यायालय कर्मचारियों और अधिवक्ताओं में रोष देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!