स्वामी विवेकानंद शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित
रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय, रतलाम में ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम Two-Way Category के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, युवा आइकन निशित श्रीमाल एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधि रौनक राठौर उपस्थित रहे। इस दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन युवा संवाद में सहभागिता की और खेल, फिटनेस तथा युवा सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनके विचार सुने।
कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें खेलों से जुड़ने और नियमित रूप से फिटनेस गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर स्थानीय खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कलेक्टर ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनकी उपलब्धियों, चुनौतियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा खेल सुविधाओं के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश माहेश्वरी ने उपस्थित युवाओं को ‘विकसित भारत–नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई। युवाओं को MY Bharat वेबसाइट पर पंजीयन के लिए प्रेरित किया गया तथा VBYLD Quiz के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

