कोतवाली पुलिस ने राहुल बरटे को पकड़ा, पूछताछ के बाद न्यायालय में किया पेश
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय आरोपी राहुल पिता चन्द्र बरटे, निवासी नन्द मोही, थाना मुलताई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर मृतिका को शादी के लिए दबाव बनाने, बार-बार फोन कर परेशान करने, रुपये मांगने तथा रुपये नहीं देने पर फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने के आरोप हैं।
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त 2026 को संदीप पिता प्रहलाद इवने, निवासी चोबराढाना ने पुलिस चौकी पाढ़र में सूचना दी थी कि उसकी बहन ने रज्जन राठौर के खेत में बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक मर्ग कार्रवाई शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों के बयान लिए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतिका से राहुल बरटे बातचीत करता था और कथित रूप से उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों के अनुसार मृतिका पढ़ाई कर रही थी और फिलहाल शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि राहुल द्वारा मोबाइल पर बार-बार फोन कर शादी के लिए धमकाया जाता था तथा रुपये की मांग भी की जाती थी। रुपये नहीं देने पर फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई।
पुलिस के अनुसार मर्ग जांच एवं परिजनों के कथनों के आधार पर राहुल बरटे के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध पाए जाने पर थाना कोतवाली बैतूल में अपराध क्रमांक 791/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 22 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश रैकवार, आरक्षक दिनेश धुर्वे एवं प्रदीप कहार की विशेष भूमिका रही।

