देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने तथा जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोरदेही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बांगा निवासी झाडु पिता रंगलाल यदुवंशी (49) अपने पास देशी पिस्टल रखकर ग्राम बांगा से मोरखा की ओर जा रहा है। सूचना पर बोरदेही पुलिस टीम ने मोरखा रोड ग्राम बांगा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदेही को रोका।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार एवं कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 17 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25-27 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि अवैध हथियार रखने, उनका प्रदर्शन करने अथवा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

