उमरानाला पुलिस की बड़ी सफलता, तीन गुमशुदाओं को महाराष्ट्र, गुजरात और अमरवाड़ा से किया दस्तयाब

तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तीनों को सकुशल खोजा, परिजनों के सुपुर्द किया; पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा, 17 अक्टूबर 2026। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में जुटी उमरानाला पुलिस चौकी को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में गुमशुदा महिलाओं को महाराष्ट्र के वर्धा, गुजरात और छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपनों को वापस पाकर परिजनों ने खुशी जाहिर की।

पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के निर्देशन तथा डीएसपी सुनील बरकड़े और मोहखेड़ थाना प्रभारी सुनील उईके के नेतृत्व में गुमशुदाओं की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में उमरानाला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश साहू और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों तथा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 513/26 में गुमशुदा को महाराष्ट्र के वर्धा जिले से, अपराध क्रमांक 473/26 में गुमशुदा को गुजरात से तथा अपराध क्रमांक 351/26 में गुमशुदा को अमरवाड़ा थाना क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया गया। तीनों मामलों में गुमशुदाओं की बरामदगी के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

तीनों गुमशुदाओं को तलाश कर सकुशल परिजनों से मिलाने में किए गए सराहनीय प्रयासों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

इस कार्रवाई में उमरानाला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश साहू, सहायक उप निरीक्षक संतोष बघेल, प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे, हेमंत इंदूरकर, नितेश पटेल, आरक्षक संजय राहंगडाले तथा महिला आरक्षक प्रतिभा और तमन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम के समन्वित प्रयासों की अहमियत सामने आई है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!