पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल

21 अक्टूबर को शहीद पुलिस जवानों को दी जाएगी श्रद्धांजलि, लाल परेड मैदान में होगा मुख्य आयोजन

भोपाल, 19 अक्टूबर। देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस जवानों की स्मृति में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक स्थल पर सुबह 8:30 बजे पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा।

पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित होने वाली परेड की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल 19 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे लाल परेड मैदान में होगी। इस दौरान परेड की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

मध्यप्रदेश के 9 पुलिसकर्मियों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

मध्यप्रदेश में इस वर्ष कर्तव्य निर्वहन के दौरान 9 पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं। इनमें निरीक्षक आशीष शर्मा, 25वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, भोपाल (हाल पदस्थ हॉक फोर्स, बालाघाट); उप निरीक्षक अशोक शर्मा, जिला पुलिस बल उज्जैन; सहायक उप निरीक्षक मदनलाल निनामा, जिला पुलिस बल उज्जैन; प्रधान आरक्षक परिमाल सिंह तोमर, 291 बीडीडीएस, जिला मुरैना; कार्यवाहक प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश भवेदी, जिला पुलिस बल उमरिया; कार्यवाहक प्रधान आरक्षक सर्जन सिंह भील, जिला पुलिस बल राजगढ़; महिला आरक्षक आरती पाल, जिला पुलिस बल उज्जैन; आरक्षक महेश प्रसाद पाठक, जिला पुलिस बल शहडोल तथा आरक्षक विकास चतुर्वेदी, जिला पुलिस बल सतना शामिल हैं।

प्रदेशभर में होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर भोपाल के साथ-साथ मध्यप्रदेश की विभिन्न पुलिस इकाइयों में भी 21 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया जाएगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!